जमशेदपुर, 29 अक्टूबर 2025: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बुधवार को झारखंड मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। यह प्रेस वार्ता आगामी एशियन मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 के संदर्भ में आयोजित की गई, जो 5 से 9 नवंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
इस प्रतियोगिता का आयोजन मास्टर एथलीट फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा किया जा रहा है, जिसमें एशिया के 21 देशों के लगभग 3300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी प्रतिभागियों की आयु 35 वर्ष से अधिक है, और वे विभिन्न एथलेटिक्स इवेंट्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। झारखंड से 72 खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि झारखंड के खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व एशिया स्तर पर करेंगे।
झारखंड मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे वर्ष लगन से तैयारी की है और वे इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
आज के कार्यक्रम में हाल ही में एशियन मास्टर्सएथलेटिक्स के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष विजय सिंह को पुष्पगुच्छ दे कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विजय सिंह, एस के तोमर, अवतार सिंह ,गुरशरण सिंह आदि उपस्थित थे।