भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने आज कालीमाटी में हुए हैंडसम सैलून की घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार असामाजिक तत्वों ने गुंडागर्दी की है, उन दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अभय सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों की शीघ्र पहचान कर उन्हें जेल के सलाखों के पीछे भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो शहर की शांति व्यवस्था कुछ लोगों की हरकतों से खतरे में पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि — “एक समुदाय विशेष के लोग संगठित होकर गलत मंशा से लगभग तीन किलोमीटर दूर जाकर कालीमाटी रोड स्थित हिंदू बहुल इलाके में पहुंचे और वहां दुकानों व घरों के पास हमला किया। इसके बाद रामदास भट्टा स्थित हैंडसम सैलून में तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, साकची थाना परिसर में भी तांडव मचाया गया। यह सब दर्शाता है कि असामाजिक तत्वों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है।”
श्री सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन को तत्काल कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा, भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
उन्होंने आगे कहा कि – “अल्पसंख्यक समुदाय के नाम पर गुंडागर्दी की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अगर ऐसे कृत्यों पर रोक नहीं लगी तो पूरा हिंदू समाज सड़क पर उतरने को विवश होगा।”
अंत में अभय सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस से आग्रह किया कि इस घटना में शामिल सभी लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर में शांति और सद्भाव कायम रह सके।