Reg.No - JH-06-0037286

जमशेदपुर बना कला का केंद्र — मानगो में शुरू हुआ नेशनल आर्ट कैंप एवं पेंटिंग वर्कशॉप!

SHARE:

जमशेदपुर के मानगो वन विभाग सभागार में कला प्रेमियों के लिए एक अनोखा और प्रेरणादायी आयोजन की शुरुआत हुई है। चार दिवसीय नेशनल आर्ट कैंप एवं पेंटिंग वर्कशॉप का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों — दिल्ली, मुंबई, जयपुर, रांची, पटना, कोलकाता और भोपाल — से लगभग 25 प्रतिष्ठित कलाकारों ने भाग लिया है।

इन दिनों मानगो क्षेत्र रंगों, रेखाओं और रचनाओं के संगम से एक जीवंत कला केंद्र में बदल गया है। आयोजन का उद्देश्य केवल चित्रकला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विचारों, तकनीकों और दृष्टिकोणों के आदान-प्रदान का मंच भी बन गया है।
कार्यशाला का संचालन शहर की सुप्रसिद्ध कलाकार मुक्ता गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस शिविर में आधुनिक कला, लोककला, एब्सट्रैक्ट पेंटिंग और मिक्स मीडिया जैसी विधाओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, प्रतिभागियों को अनुभवी कलाकारों के साथ मेंटोरशिप सत्र और ओपन डिस्कशन का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्मिता पंकज (RCCF) के साथ सबा आलम (DFO) ,मुक्ता गुप्ता, सुरेंद्र पाल सिंह, श्रीकांत कटारे ,सुरभि घोष सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह में शहर के कलाकारों, कला विद्यार्थियों और संस्कृति प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यशाला के समापन दिवस पर कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिविर के दौरान तैयार की गई उत्कृष्ट कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी, ताकि लोग विभिन्न राज्यों की कला शैलियों और सृजनात्मक ऊर्जा को करीब से अनुभव कर सकें।
यह राष्ट्रीय कला शिविर न केवल स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा, बल्कि जमशेदपुर को कला और संस्कृति के मानचित्र पर नई पहचान देने की दिशा में भी एक सशक्त कदम साबित होगा।

Leave a Comment