जमशेदपुर। भ्रष्टाचार निरोधक जांच ब्यूरो (ACIB) कोल्हान प्रमंडल के तत्वावधान में, पुराना कोर्ट स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र के बैंकेट रेस्टोरेंट सभागार में “अधिकारी सम्मान समारोह” गरिमामय वातावरण में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में ACIB केंद्रीय समिति से संयुक्त निदेशक सत्यानंद कुमार, मुख्यालय प्रभारी अक्षय पाठक, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अनुनय श्याम कमल, राज्य सचिव (सोशल सेल) झारखंड धर्मेंद्र शुक्ला, तथा स्टेट ऑफिसर सुशील कुमार पांडेय मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिविजनल हेड – कोल्हान प्रमंडल बाबूलाल नाग ने की, जबकि संचालन लीगल इंचार्ज अजीत कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत-सत्कार किया गया।
केंद्रीय टीम ने कोल्हान प्रमंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रशंसा पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में प्रमुख रूप से बाबूलाल नाग, अजीत कुमार सिंह, नागेन्द्र कुमार, रामकुमार छतरिया, अंजनी कुमार सिंह, शशिभूषण मुखी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित इस समारोह में पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम जिलों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय टीम ने ACIB के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और राष्ट्रीय स्तर पर इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ACIB भारत की सबसे शक्तिशाली, अनुशासित और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली पंजीकृत राष्ट्रीय संस्था है, जो पिछले पाँच वर्षों से देश के लगभग 650 जिलों में 10 से 15 हजार सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ कार्य कर रही है। यह संगठन पुलिस, विजिलेंस, प्रशासन एवं भारत सरकार के सेंट्रल विजिलेंस कमीशन के सहयोग में एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में काम कर रहा है।
संगठन के मुख्य उद्देश्य—
• सामाजिक जागरूकता
• भ्रष्टाचार उन्मूलन
• पुलिस-पब्लिक मित्रता
• नागरिक सुरक्षा
• प्रशासनिक सहयोग
• मानव अधिकार रक्षा
• राष्ट्र विरोधी गतिविधियों की सूचना
• नशा मुक्ति
• पर्यावरण संरक्षण
• महिला सशक्तिकरण
• RTI गतिविधियाँ
इन्हीं लक्ष्यों के साथ ACIB राष्ट्र को सशक्त, जागरूक और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल एवं जमशेदपुर क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र सौंपे गए। इस दौरान मौजूद सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि—“हम किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर, निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
सम्मान समारोह में कोल्हान के लगभग 80 पदाधिकारी उपस्थित रहे। जमशेदपुर टीम ने अपनी एकजुटता, अनुशासन और संगठनात्मक दक्षता से पूरे ACIB परिवार को गौरवान्वित किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।